मध्य प्रदेश के इटारसी के ग्राम चांदौन से एक बार फिर देश के लिए गर्व की खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद का चयन एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। अब विवेक 15 से 30 अगस्त के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
विवेक सागर प्रसाद के चयन की खबर सामने आते ही पूरे नर्मदापुरम जिले और मध्य प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमी और उनके समर्थक इसे प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।
अपने चयन के बाद विवेक सागर प्रसाद ने एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत ने साल 1975 में हॉकी विश्व कप का खिताब जीता था और अब 50 साल बाद एक बार फिर भारतीय टीम इतिहास रचने के लिए तैयार है। विवेक ने भरोसा जताते हुए कहा कि टीम पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी और देश को विश्व कप जिताने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
विवेक सागर प्रसाद लंबे समय से भारतीय हॉकी टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। उनकी तेज रफ्तार, शानदार मिडफील्ड कंट्रोल और अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम की बड़ी ताकत माने जाते हैं। लगातार मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर विश्व हॉकी के सबसे बड़े मंच पर अपनी जगह पक्की की है।
भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि वरिष्ठ खिलाड़ी मनप्रीत सिंह भी टीम का हिस्सा हैं। टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने भी खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए कहा है कि इस बार टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलेगा।
अब देश की नजरें हॉकी विश्व कप 2026 पर टिकी हैं। क्या भारत 50 साल का इंतजार खत्म कर एक बार फिर विश्व विजेता बनेगा? इसका जवाब आने वाले दिनों में मिलेगा, लेकिन फिलहाल मध्य प्रदेश का यह लाल एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा करने के लिए तैयार है।

