यूपी के बलरामपुर में चचेरे भाई को बंधक बनाकर आरोपियों ने उसके सामने उसकी नाबालिग बहन से सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने बुधवार की देर रात मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह आरोपी अख्तर रजा, राज कुरैशी व शिवा यादव निवासी हरनीडीह और फिरोज कुरैशी निवासी रफीनगर को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
घटना उतरौला थाना क्षेत्र के 12 जून की रात करीब 11 बजे की है। आरोपियों की धमकी से परिवार के लोग सहमे हैं। वह तहरीर नहीं दे रहे थे। एसपी ने सुरक्षा का भरोसा दिया तो बुधवार को मां ने मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उतरौला कस्बे में लगे मेले में बेटी गई थी।
गांव की अन्य महिलाएं और चचेरा भाई भी साथ में था। रात को घर लौटते समय कस्बे से कुछ दूर दो बाइक सवार उनका पीछा करने लगे। सुनसान जगह देख उन्होंने अपने दो और साथियों को बुला लिया। चारों ने चचेरे भाई को पीटकर बंधक बना लिया। बेटी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
आरोपियों की धमकी से परिवार सहम गया
बेटी किसी तरह घर पहुंची और सो गई। 13 जून की सुबह वह दर्द से कराह रही थी। बिस्तर से उठ नहीं पा रही थी। पूछा तो सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी दी। आरोपी अख्तर रजा, राज कुरैशी, फिरोज कुरैशी व शिवा यादव के बारे में जानकर परिवार सहम गया।
बीट सिपाही के माध्यम से मामला प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह तक पहुंचा। उन्होंने पहले अपने स्तर से पड़ताल की। मामला सही मिलने पर किशोरी के परिजनों से संपर्क किया। एसपी से भी बात कराई। सुरक्षा का भरोसा मिलने पर मां कार्रवाई के लिए तैयार हुई।