शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे स्कूल परिसर की सफाई करते और ताला खोलते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और छात्रों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षक समय पर नहीं पहुंचते। बच्चों का कहना है कि उन्हें रोज सुबह स्कूल पहुंचकर मुख्य द्वार का ताला खोलना पड़ता है और कई बार स्कूल की साफ-सफाई भी खुद ही करनी पड़ती है। आरोप यह भी है कि शिक्षक अक्सर सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
वायरल वीडियो में कुछ बच्चे हाथों में झाड़ू लिए स्कूल परिसर की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उस उम्र में उनके जिम्मे स्कूल की व्यवस्था संभालने के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर यदि आरोप सही हैं, तो स्कूल की नियमित मॉनिटरिंग क्यों नहीं हो रही? बच्चों की पढ़ाई का नुकसान होने के लिए जिम्मेदार कौन है? और क्या संबंधित अधिकारियों को इस स्थिति की जानकारी थी?
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं और क्या बच्चों को उनका अधिकार—बेहतर शिक्षा—वास्तव में मिल पाएगी।

