उज्जैन की विधि और उत्कर्षा ने रचा इतिहास, चीन को हराकर जीता गोल्ड

उज्जैन। उज्जैन की दो बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की बैडमिंटन खिलाड़ी विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में चीन की टीम को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है।

7 अगस्त से 11 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता में करीब 25 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया था। भारत की ओर से खेलते हुए विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल ने शानदार प्रदर्शन किया और पूरे टूर्नामेंट में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।

क्वार्टर फाइनल में दोनों खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया की टीम को मात दी। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में उनका सामना चीन की टीम से हुआ, जहां शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विधि और उत्कर्षा ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया।

विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल का चयन ‘खेलो इंडिया’ के तहत हुआ था। दोनों खिलाड़ी पहले भी बैडमिंटन की कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और कई खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।

विधि शर्मा ने बताया कि दिल्ली में ‘खेलो इंडिया’ के तहत उनका चयन इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ था। इसके बाद उन्होंने ओपन टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

खास बात यह है कि विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल दोनों ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में योगा से एमए की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ बैडमिंटन में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

विधि के पिता मुकेश शर्मा ने बेटी की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का पल है। उनकी बेटी ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे भारत का नाम गौरवान्वित किया है।

विधि शर्मा के 15 अगस्त को उज्जैन लौटने की जानकारी है, जहां विधि और उनकी पार्टनर उत्कर्षा पाल के भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने उज्जैन के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *