भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षा विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर अपना फैसला बदल दिया है। शिक्षक संगठनों की मांग के बाद ऑनलाइन अटेंडेंस लगाने की टाइमिंग फिर से पहले वाली व्यवस्था पर कर दी गई है। अब शिक्षक सुबह 10:45 बजे तक ई-अटेंडेंस लगा सकेंगे।
दरअसल, 10 अगस्त को लोक शिक्षण आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए थे कि शिक्षकों को सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी। इसके बाद कई जिलों में इसी आधार पर आदेश भी जारी कर दिए गए थे।
लेकिन ई-अटेंडेंस की नई टाइमिंग को लेकर शिक्षक संगठनों ने विरोध जताया। कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री और लोक शिक्षण आयुक्त से मुलाकात कर समय में किए गए बदलाव को वापस लेने की मांग रखी।
बैठक के बाद इस मांग पर सहमति बन गई और ई-अटेंडेंस की टाइमिंग को फिर से सुबह 10:45 बजे तक कर दिया गया। शिक्षक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पुरानी व्यवस्था बहाल होने से शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है।
वहीं मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी अहम निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने साफ कहा है कि बारिश या बाढ़ के दौरान किसी भी शिक्षक या छात्र को उफनते नदी-नालों को पार करके स्कूल नहीं जाना है।
अगर किसी इलाके में नदी या नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण स्कूल पहुंचना संभव नहीं है, तो शिक्षक तुरंत इसकी जानकारी अपने संकुल प्राचार्य या प्राचार्य को वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए देंगे।
शिक्षा विभाग के मुताबिक ऐसी जानकारी को विभागीय स्तर पर मान्य माना जाएगा और परिस्थितियों के अनुसार उपस्थिति में रियायत दी जा सकेगी। यानी एक तरफ ई-अटेंडेंस की टाइमिंग फिर 10:45 बजे कर दी गई है, वहीं दूसरी तरफ भारी बारिश और बाढ़ के दौरान शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

