गुजरात की कंपनी एमपी में लगाएगी 1200 करोड़ का प्लांट! युवाओं को मिलेंगे रोजगार, सिंहस्थ-2028 में भी दिखेगी आधुनिक तकनीक

भोपाल/अहमदाबाद। मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार उद्योग समूहों से चर्चा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में 12 अगस्त को गुजरात के अहमदाबाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के संबंधों को और मजबूत करते हुए अरविंद समूह मध्यप्रदेश में अपनी औद्योगिक इकाइयों का विस्तार कर रहा है, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप धार जिले के पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। अरविंद समूह देवास के पास बरलाई, धार के पीएम मित्र पार्क और इंदौर के बेटमा में अपनी इकाइयां स्थापित कर रहा है।

इन औद्योगिक परियोजनाओं के विस्तार से जहां प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है, वहीं उद्योगों से मिलने वाले कर राजस्व के जरिए राज्य के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने इस निवेश के लिए अरविंद समूह को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सबसे बड़ी बात यह है कि धार के पीएम मित्र पार्क में अरविंद लिमिटेड करीब 1200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित कर रहा है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री ने कंपनी के साथ निवेश प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने और जरूरी अनुमतियों को तेजी से पूरा करने को लेकर भी चर्चा की।

वस्त्र और परिधान क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प और पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति सहित कई प्रोत्साहन शामिल हैं।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के दोबारा इस्तेमाल को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। मध्यप्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से ज्यादा औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और दूसरे उद्योगों के लिए कॉमन जीरो लिक्विड डिस्चार्ज यानी ZLD सिस्टम विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

इसके साथ ही औद्योगिक पार्कों को आसपास के नगर निगमों के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़कर पानी के पुनः उपयोग का मॉडल तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इससे औद्योगिक विकास के साथ पानी की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बैठक में सिंहस्थ-2028 को लेकर भी एक अहम पहल पर चर्चा हुई। सिंहस्थ के दौरान पुलिस, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और आयोजन व्यवस्था के लिए आधुनिक मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क का इस्तेमाल करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

इस तकनीक के जरिए वॉकी-टॉकी नेटवर्क, वायरलेस कम्युनिकेशन और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी संचार सुविधाओं को मजबूत किया जा सकता है। सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए ऐसी आधुनिक संचार व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में और निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट यानी GIS-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।

अरविंद लिमिटेड देश के प्रमुख टेक्सटाइल समूहों में शामिल है। कंपनी की स्थापना 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है। समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला हुआ है।

अब मध्यप्रदेश में प्रस्तावित निवेश से प्रदेश के टेक्सटाइल और औद्योगिक क्षेत्र को कितनी नई गति मिलती है और इससे युवाओं के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा होते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *