दतिया। दतिया के विश्व प्रसिद्ध मां पीताम्बरा पीठ मंदिर में एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने राजनीतिक मतभेदों से अलग दोस्ती और सौहार्द का संदेश दिया। मंदिर परिसर में भंडारा प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे पूर्व बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस नेता अवधेश नायक का अचानक आमना-सामना हो गया।
राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के विरोध में नजर आने वाले दोनों नेता जैसे ही पीताम्बरा पीठ के भंडार कक्ष में आमने-सामने आए, माहौल पूरी तरह आत्मीय हो गया। दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया और फिर गर्मजोशी के साथ गले मिलकर मुलाकात की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने कुछ देर रुककर एक-दूसरे का हाल-चाल जाना और आपस में बातचीत भी की। धार्मिक स्थल पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर हुई इस आत्मीय मुलाकात ने वहां मौजूद लोगों का भी ध्यान खींचा।
अब इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो दतिया के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग इसे राजनीतिक विरोध के बीच दोस्ती और व्यक्तिगत रिश्तों की एक अलग तस्वीर के तौर पर देख रहे हैं।
मां पीताम्बरा पीठ के पवित्र दरबार में हुई आशुतोष तिवारी और अवधेश नायक की यह मुलाकात यही संदेश देती नजर आई कि राजनीति में विचार और दल अलग हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों और आपसी सम्मान की जगह हमेशा बनी रह सकती है।

