इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 12 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी का इंदौर दौरा अब टाल दिया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तारीख भी बदल गई है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के लिए जगह की अनुमति नहीं मिलने के चलते AICC ने कार्यक्रम में बदलाव का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की थी, लेकिन वहां परमिशन नहीं मिलने के बाद आयोजन की तारीख और जगह दोनों बदल दिए गए हैं।
अब ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 12 सितंबर की बजाय 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के ग्राउंड को चुना गया है। कांग्रेस अब रीजनल पार्क के सामने वाले आयोजन स्थल को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने में जुटेगी।
यानी राहुल गांधी का इंदौर दौरा फिलहाल रद्द नहीं हुआ है, बल्कि कार्यक्रम को नई तारीख और नए स्थान पर शिफ्ट किया गया है। अब 19 सितंबर को राहुल गांधी छात्रों के बीच पहुंचेंगे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नेहरू स्टेडियम की अनुमति क्यों नहीं मिली और कार्यक्रम के लिए जगह बदलने की नौबत क्यों आई, इसे लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन AICC के फैसले के बाद कांग्रेस ने नई तारीख और नए आयोजन स्थल की तैयारी शुरू कर दी है।
अब देखना होगा कि 19 सितंबर को होने वाला राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर की सियासत में क्या संदेश देता है और छात्रों के बीच राहुल गांधी किन मुद्दों को उठाते हैं।

