सागर जहरीली शराब कांड में एक और मौत, पिता के बाद बड़े बेटे ने भी तोड़ा दम

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले में हुए जहरीली शराबकांड में एक और मौत की खबर सामने आई है। गंभीर हालत में सागर से एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी और डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

राम प्रसाद लोधी के शव का भोपाल एम्स के शवगृह में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इस घटना के साथ ही एक ही परिवार में जहरीली शराब से मौत का दर्द और गहरा गया है।

जानकारी के मुताबिक, एक ही परिवार के तीन लोगों ने कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन किया था। इनमें पिता गोविंद सिंह लोधी की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब उनके बड़े बेटे राम प्रसाद लोधी ने भी दम तोड़ दिया है। वहीं परिवार का छोटा बेटा भूरा लोधी अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है और उसका इलाज सागर जिला अस्पताल में जारी है।

जहरीली शराब पीने के बाद राम प्रसाद लोधी की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य शासन के निर्देश पर उन्हें सागर से एयरलिफ्ट कर भोपाल एम्स लाया गया था, ताकि उन्हें बेहतर और विशेषज्ञ इलाज मिल सके। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एक ही परिवार के पिता और बड़े बेटे की मौत और छोटे बेटे के अस्पताल में भर्ती होने की इस घटना ने सागर जहरीली शराबकांड की भयावह तस्वीर एक बार फिर सामने ला दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जहरीली शराब लोगों तक कैसे पहुंची और इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब तक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *