राहुल गांधी दीर्घायु हों और कांग्रेस के लीडर बने रहें… बीजेपी नेता आकाश विजयवर्गीय का अनोखा तंज, नीम करोली बाबा की फिल्म टैक्स फ्री करने की मांग

इंदौर। बीजेपी के पूर्व विधायक और नेता आकाश विजयवर्गीय का तीन दिवसीय जन्मदिन उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं को श्री महाकाल के दर्शन भी कराए गए। जन्मदिन के कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में आकाश विजयवर्गीय ने धार्मिक फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग उठाई, तो वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर ऐसा तंज कसा, जिसकी राजनीतिक गलियारों में चर्चा होने लगी।

आकाश विजयवर्गीय ने सरकार से मांग की कि नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म को टैक्स फ्री किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार हमेशा अच्छे और धार्मिक कार्यों को प्रमोट करती है, इसलिए इस फिल्म को भी कर मुक्त किया जाना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।

वहीं राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम और उनके राजनीतिक सफर को लेकर सवाल पूछे जाने पर आकाश विजयवर्गीय ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम के लिए कोई आमंत्रण नहीं मिला है और न ही वह वहां जाएंगे।

इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि राहुल गांधी दीर्घायु हों और जब तक जीवित रहें, तब तक कांग्रेस पार्टी के लीडर बने रहें। आकाश विजयवर्गीय के मुताबिक, राहुल गांधी जब-जब कुछ करते हैं, तब-तब बीजेपी को अच्छा खासा फायदा होता है।

इतना ही नहीं, आकाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि जो जिसके पास रहता है, वह वैसा ही हो जाता है। अगर कोई भगवान की भक्ति करेगा तो भगवान के अंश जैसा हो जाएगा और अगर कोई राहुल गांधी के पास रहेगा तो पूरी तरह राहुल गांधी जैसा बन जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि वह राहुल गांधी जैसा बिल्कुल नहीं बनना चाहते।

अब आकाश विजयवर्गीय के इस बयान को बीजेपी का राजनीतिक तंज माना जाए या राहुल गांधी पर सीधा हमला, यह तो सियासी नजरिए पर निर्भर करता है, लेकिन उनके इस बयान ने एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति में बयानबाजी को गर्म जरूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *