अनूपपुर (बिजुरी)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी रेलवे स्टेशन परिसर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। स्टेशन के मुख्य द्वार पर काम कर रहे मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में यहां आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि निर्माण कार्य के दौरान वेल्डिंग के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की जगह घरेलू एलपीजी सिलेंडर के इस्तेमाल का आरोप है। अगर निर्माण स्थल पर गैस सिलेंडर का इस तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, तो किसी भी तरह की चूक गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसके अलावा वेल्डिंग मशीन चलाने के लिए लिया गया विद्युत कनेक्शन भी खुले और बदहाल तरीके से पड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिससे करंट लगने या शॉर्ट सर्किट जैसी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
बिजुरी रेलवे स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है। ऐसे में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सिर्फ मजदूरों के लिए ही नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए भी खतरा बन सकती है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि खुलेआम हो रही इस लापरवाही के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है।
लोगों का सीधा सवाल है कि अगर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी जारी रही और कोई बड़ा हादसा हो गया, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इन आरोपों का संज्ञान लेकर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की जांच कराता है या नहीं और लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

