लाड़ली बहनों को 13 सितंबर को मिलेगा बड़ा तोहफा! खाते में आएंगे 1,500 रुपये, CM मोहन यादव जारी करेंगे 40वीं किस्त

भोपाल। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर महीने की 40वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1 हजार 835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

सितंबर की किस्त जारी होने के बाद योजना की शुरुआत से अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में ट्रांसफर की गई कुल राशि 65 हजार 395 करोड़ 99 लाख रुपये हो जाएगी। यानी लाड़ली बहना योजना के जरिए प्रदेश की महिलाओं तक अब तक 65 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंच चुकी है।

बता दें कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 से इसमें 250 रुपये की बढ़ोतरी कर राशि 1 हजार 250 रुपये प्रतिमाह कर दी गई। इसके बाद नवंबर 2025 से फिर 250 रुपये की बढ़ोतरी हुई और वर्तमान में पात्र महिलाओं को हर महीने 1 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।

इस योजना में ऐसी पात्र महिलाओं को भी प्रावधान के अनुसार लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने 900 रुपये मिलते हैं। ऐसी महिलाओं को दोनों योजनाओं के बीच की अंतर राशि उपलब्ध कराई जाती है।

जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर में 40वीं किस्त महिलाओं के खातों में पहुंचेगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।

सरकार के मुताबिक जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 63 हजार 560 करोड़ 90 लाख रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के अंतर्गत करीब 11 हजार 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23 हजार 882 करोड़ 81 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा में सिर्फ लाड़ली बहनों को किस्त की सौगात ही नहीं देंगे, बल्कि 225 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। ऐसे में 13 सितंबर का दिन प्रदेश की लाड़ली बहनों के साथ-साथ आगर मालवा के विकास के लिए भी अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *