मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गाए भजन, झूमे श्रद्धालु! आरती और भंडारे के बाद दिलवाया नशामुक्ति का संकल्प

देवास। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय देवास के प्रसिद्ध कृपालु गणेश पंडाल पहुंचे। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर उन्होंने भगवान श्री गणेश की पीतल की प्रतिमा का विधि-विधान से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और महाआरती में शामिल हुए। मंत्री के पहुंचने पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

महाआरती के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने भगवान गणेश के भजन गाए। उनकी भजनों की प्रस्तुति के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भी भक्ति में झूमते और गाते नजर आए। इसके बाद मंत्री महाभंडारे में पहुंचे और अपने हाथों से श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से आम जनता को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान गणेश की आरती करें, भंडारे की प्रसादी ग्रहण करें और इसके बाद एक संकल्प लें कि आज से किसी भी तरह का नशा नहीं करेंगे।

उन्होंने लोगों से इस संकल्प को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही देवास शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग करने का भी आह्वान किया।

गणेश उत्सव के इस आयोजन में भक्ति, भजन और भंडारे के साथ नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *