बालिका छात्रावास पहुंचे मंत्री नागर सिंह चौहान, भोजन व्यवस्था परखी; बोले- मन लगाकर पढ़ें, बड़ा लक्ष्य रखें

आलीराजपुर। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र आलीराजपुर में स्थित बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनका हौसला भी बढ़ाया।

छात्राओं से बातचीत करते हुए नागर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की ओर से बेटियों को शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित आवास सहित हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने छात्राओं से इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने, अनुशासन के साथ मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।

मंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि 1984-85 के दौर में गांवों में न पर्याप्त बिजली थी और न ही सड़कें। उस समय कई लोगों के पास पहनने के लिए चप्पल तक नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां काफी बदल चुकी हैं और बेटियों के पास आगे बढ़ने के लिए बेहतर संसाधन और अवसर मौजूद हैं।

नागर सिंह चौहान ने छात्राओं से डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, महात्मा गांधी और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के विचारों और जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने धानपुर की बेटी दीप्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और सही शिक्षा के दम पर बेटियां जीवन में बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं।

संवाद के दौरान मंत्री ने एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए सरकार की ओर से मिलने वाली फीस संबंधी विशेष वित्तीय सहायता की जानकारी भी दी। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, परिवार और समाज का नाम रोशन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *