नालंदा में रागिनी नायक का मोदी सरकार पर तीखा हमला – बोलीं, ‘एनडीए अब ठगबंधन की सरकार बन चुकी है’

नालंदा में आज कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में छल की फैक्ट्री खोल रखी है, जहां हर दिन जनता को गुमराह करने की नई चालें चली जाती हैं। नालंदा जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रागिनी नायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ग्यारह साल से सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने दो करोड़ लोगों को रोजगार नहीं दिया, और अब बिहार में एक करोड़ नौकरियों का झांसा देकर वोट मांग रहे हैं। यह जनता को धोखा देने की कोशिश है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन का संकल्प पत्र जनता का अधिकार है, जिसे एनडीए ने जानबूझकर उनसे वंचित रखा है। अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो हर बिंदु पर उसे लागू किया जाएगा। रागिनी नायक ने एनडीए को ठगबंधन की सरकार करार देते हुए कहा कि ये सरकार अब सिर्फ जनता को रोकने और थमाने का काम कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार चाहिए, किसानों को सम्मान चाहिए और महिलाओं को सुरक्षा चाहिए — जुमले नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए के नेता सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं और खोखले वादे करते हैं, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं बदलता। रागिनी नायक के इस बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार नारे लगाए — “ठगबंधन नहीं चलेगा, महागठबंधन आएगा।” पूरा नालंदा कांग्रेस के नारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *