पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार आज शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके बाद पूरा राज्य कल के मतदान के लिए तैयार हो जाएगा। इस चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जिनमें मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जैसे जिले शामिल हैं।
इस चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनके लिए राज्यभर में 45 हजार 341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, और सभी बूथों पर ईवीएम मशीनें भेजी जा चुकी हैं। अब देखना यह होगा कि जनता की पहली पसंद कौन बनता है।
पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले आज बिहार का सियासी रण और भी गरम हो गया है। एनडीए और महागठबंधन दोनों के दिग्गज नेता पूरे दमखम के साथ मैदान में हैं। गृहमंत्री अमित शाह की आज तीन, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की दो और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चार रैलियां तय हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज चार अलग-अलग स्थानों पर जनसभाएं करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार एनडीए के महिला बूथ कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। वे दोपहर साढ़े तीन बजे “मेरा बूथ सबसे मजबूत” कार्यक्रम के तहत संवाद करेंगे। उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आज बिहार में तीन चुनावी रैलियां करेंगे — औरंगाबाद, कुटुंबा और वज़ीरगंज में वे जनता से महागठबंधन के समर्थन की अपील करेंगे।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज अपने धुआंधार प्रचार के लिए सीमांचल और कोसी क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और वैशाली में जनसभाएं करेंगे और महागठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
बिहार का सियासी पारा इस वक्त चरम पर है — हर पार्टी के पास आखिरी मौका है जनता को अपनी ओर खींचने का। अब सबकी निगाहें कल के मतदान पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि बिहार की सत्ता की कुर्सी किसके हाथों में जाएगी।

