सीएम नीतीश कुमार का जोरदार हमला, कहा – बिहार में विकास और शांति के लिए एनडीए जरूरी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग पूरी होते ही अब दूसरे चरण के लिए सियासी गर्मी बढ़ गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केसरिया विधानसभा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने जदयू प्रत्याशी शालिनी मिश्रा और कल्याणपुर से बीजेपी प्रत्याशी सचिन्द्र प्रसाद सिंह के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।

जनसभा में नीतीश कुमार ने अपने परिचित अंदाज़ में मंच से महिलाओं से हाथ उठवाकर समर्थन मांगा और कहा – “बिहार में विकास और शांति बनाए रखने के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है।” उन्होंने भावनात्मक लहज़े में कहा कि जो महिलाओं को 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है, वो कभी वापस नहीं ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा – “विपक्ष सिर्फ अफवाह फैलाने में लगा है, लेकिन मैं महिलाओं से अपील करता हूं कि वे किसी झूठे प्रचार में न आएं।”

अपने भाषण में सीएम ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास न कोई विजन है, न जनता के लिए कोई ठोस योजना। उन्होंने कहा, “विपक्ष ने अब तक सिर्फ बातें कीं, काम कुछ नहीं किया। एनडीए ने जो किया है, वो जनता के सामने है – सड़कों से लेकर स्कूलों तक, गांवों से लेकर शहरों तक विकास हुआ है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने सभी समुदायों के हित में काम किया है। “हमने मदरसों का सरकारीकरण किया, वहीं मंदिरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। यही हमारी नीति है – सबका साथ, सबका विकास।”

अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि प्रधानमंत्री लगातार बिहार के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा – “मोदी जी समय-समय पर बिहार की जनता का हाल पूछते हैं और हर जरूरत पर सहयोग देते हैं।”

सभा के अंत में जदयू प्रत्याशी शालिनी मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक बार फिर महिलाओं के भरोसे को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं विपक्ष की अफवाहों को भलीभांति समझ चुकी हैं। पहले चरण में उन्होंने बढ़-चढ़कर मतदान किया था और अब दूसरे चरण में भी एनडीए को भारी समर्थन मिलने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *