सिकटी में गरजे योगी आदित्यनाथ, कहा — जिनका अतीत काला है, उन पर भरोसा नहीं करना चाहिए

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अररिया जिले के सिकटी पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर योगी ने कहा कि “बिहार का भविष्य उज्जवल है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि विकास की रफ्तार को थमने न दिया जाए।” उन्होंने लोगों से भाजपा और एनडीए के पक्ष में वोट देने की अपील की।

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा— “पहला चरण बीत चुका है और आपने जिस उत्साह से मतदान किया है, वो इस बात का संकेत है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेंगी तो बिहार की जनता फिर से एनडीए सरकार बनाने जा रही है।” उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन आज कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने इस राज्य की पहचान को संकट में डाल दिया है।

योगी ने कहा— “जिन लोगों का अतीत काला है, जिनका इतिहास भ्रष्टाचार और अपराध से भरा है, उन पर भरोसा करने की जरूरत नहीं है। यही वो लोग हैं जिन्होंने बिहार को पीछे धकेला, नौजवानों से रोजगार छीन लिया और राज्य को जंगलराज में झोंक दिया।” उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो आज फिर से बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता अब सच्चाई जान चुकी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा— “कांग्रेस और आरजेडी की सरकार के समय जो बिहार कभी दुनिया को ज्ञान देता था, उसी बिहार की साक्षरता पर संकट खड़ा हो गया था। लेकिन 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब एनडीए की सरकार बनी, तब बिहार की दिशा बदली। आज बिहार का नौजवान आईएएस, आईपीएस, आईएफएस बनकर देश-दुनिया में नाम कमा रहा है।”

सीएम योगी ने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा— “बिहार की विकास यात्रा अब रुकनी नहीं चाहिए। याद रखिए, ये चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बिहार की पहचान बचाने का है। लोग आपको फिर से बहकाने की कोशिश करेंगे, लेकिन अब बिहार में जंगलराज नहीं आने देना है।”

अपने भाषण के अंत में योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा— “बिहार का हर वोट विकास के नाम पर पड़े, सुरक्षा के नाम पर पड़े और उस संकल्प के नाम पर पड़े जो बिहार को आत्मनिर्भर बना सके।” उनकी बातों पर जनसभा में उपस्थित भीड़ ने जोरदार नारों और तालियों से स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *