इंदौर। इंदौर शहर में एक दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। नवविवाहिता माही गहलोत की आत्महत्या के बाद पूरे समाज में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने गोपुरा चौराहे पर मोमबत्तियाँ जलाकर माही को श्रद्धांजलि दी और इंसाफ की मांग की। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयान और मिले सबूतों के आधार पर पति लक्ष्य गहलोत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि माही की उम्र केवल 25 साल थी। इस साल जनवरी में उसकी शादी लक्ष्य गहलोत से हुई थी, जो सुखलिया के लवकुश नगर का रहने वाला है। यह एक प्रेम विवाह था, लेकिन शादी के बाद से ही माही को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े होते थे, जिससे परेशान होकर वह कई बार मायके चली जाती थी। हर बार परिवार ने समझाकर उसे ससुराल भेज दिया, लेकिन हालात नहीं बदले।
कुछ दिन पहले ही माही ने ज़हर खाकर अपनी जान दे दी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, और जांच में यह साफ हुआ कि माही को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके बाद पति पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
माही की मौत ने समाज को झकझोर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक बेटियाँ दहेज की आग में अपनी जान गंवाती रहेंगी।

