6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में मध्यप्रदेश की बड़ी जीत — दो श्रेणियों में सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी पुरस्कार

भोपाल। देशभर में जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए घोषित 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में इस बार मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश को दो बड़ी श्रेणियों में सम्मान हासिल हुआ है। खरगोन जिले को पूर्वी क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ जिले का पुरस्कार मिला है, जबकि खंडवा जिले की ग्राम पंचायत कावेश्वर ने सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत श्रेणी में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

इन पुरस्कारों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि यह सम्मान प्रदेश की जनता की जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

प्रदेश ने “जल संचय-जन भागीदारी” पहल में भी शानदार उपलब्धि दर्ज की है। इस श्रेणी में मध्यप्रदेश ने अव्वल स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 नवंबर को इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगी। इसी कार्यक्रम में खरगोन को पूर्वी क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ जिले का पुरस्कार और खंडवा की ग्राम पंचायत कावेश्वर को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान मिलेगा।

वहीं, “जल संचय-जन भागीदारी” के अंतर्गत वेस्टर्न-जोन की श्रेणी एक में पहला पुरस्कार ईस्ट निमाड़ को मिला है। साथ ही, देश के श्रेष्ठ 50 शहरी निकायों की सूची में गुना जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया है। जिलों की श्रेणी तीन में गुना, बैतूल, धार, देवास, सिवनी और खरगोन को भी चयनित किया गया है।

यह उपलब्धि न सिर्फ मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य में जल संरक्षण की दिशा में जनसहभागिता और प्रशासनिक प्रयास मिलकर एक नई मिसाल कायम कर रहे हैं। 18 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह सम्मान समारोह प्रदेश के जल योद्धाओं के लिए एक यादगार पल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *