पटना। Bihar Exit Poll 2025:बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल नतीजों के बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास और स्थिरता को वोट दिया है। उन्होंने कहा — बिहार के लोकतंत्र की जननी भूमि के हर मतदाता को मैं दिल से धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के डबल इंजन की सरकार पर भरोसा जताया है। बिहार में NDA भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास, अनुभव और ईमानदारी को चुना है, जबकि हवा-हवाई वादे करने वाले राजद और कांग्रेस के दोनों युवाओं को जनता ने करारा सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष एग्जिट पोल पर सवाल उठाकर केवल अपनी निराशा और हताशा दिखा रहा है। पहले ये लोग चुनाव आयोग और EVM पर आरोप लगाते थे, अब फिर वही बहाने ढूंढ रहे हैं। लेकिन 14 नवंबर को जब असली नतीजे आएंगे तो सब साफ हो जाएगा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने इन दोनों युवाओं को फिर से चार्टर्ड प्लेन में बर्थडे मनाने और विदेश घूमने का मौका दे दिया है। चुनाव खत्म होते ही ये लोग बिहार से फिर बेपरवाह हो जाएंगे।
महिलाओं और युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार की जनता ने पूरे देश के लिए एक मिसाल पेश की है। लोकतंत्र के इस महापर्व में 2020 के मुकाबले करीब 10 प्रतिशत ज्यादा मतदान हुआ है। यह साबित करता है कि जनता लोकतंत्र की पवित्रता और पारदर्शिता पर पूरा भरोसा करती है।
दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट की जांच NIA को सौंपे जाने पर विजय सिन्हा ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। जब शिक्षित लोग समाज सेवा की जगह आतंकवादियों का साथ देने लगते हैं, तो यह मानसिकता बदलने की जरूरत है। सरकार पूरी सजगता के साथ उग्रवाद और आतंकवाद पर नजर रखे हुए है, और जो लोग ऐसे तत्वों को संरक्षण देते हैं, उन पर भी कार्रवाई होगी।
अखिलेश यादव द्वारा एजेंसियों पर सवाल उठाए जाने पर विजय सिन्हा ने पलटवार किया और कहा कि विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।

