तेजस्वी यादव का दावा — 14 को होगी वोटों की गिनती, 18 को शपथ ग्रहण, गोदी मीडिया पर बरसे तेजस्वी, बोले सरकार बदलने का मतदान हुआ है

पटना। बिहार की सियासत में गर्मी चरम पर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी और 18 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि जनता ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है, न कि सरकार को बचाने के लिए।

तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल और मीडिया पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोदी मीडिया जनता की असलियत को तोड़मरोड़कर पेश कर रही है। वही मीडिया है जिसने पहले भी झूठे सर्वे और मनगढ़ंत रिपोर्टिंग के जरिए जनता को गुमराह किया। तेजस्वी ने कहा कि एग्जिट पोल का कोई ठोस आधार नहीं होता, न सैंपल साइज बताया जाता है, न सर्वे के मानक। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये पोल किस आधार पर किए जा रहे हैं और इनके नतीजों पर भरोसा क्यों किया जाए।

उन्होंने दावा किया कि इस बार मतदान में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। 72 लाख अधिक मतदाताओं ने वोट डाला है। अगर इन वोटों को 243 विधानसभा सीटों में बांटा जाए तो हर विधानसभा में लगभग 29,500 वोटों की बढ़ोतरी होती है। तेजस्वी ने कहा कि यह वोट नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं बल्कि सरकार बदलने के लिए पड़े हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महज 16 से 17 प्रतिशत लोग ही नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

तेजस्वी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि काउंटिंग को जानबूझकर धीमा किया जा सकता है और डर का माहौल बनाने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों में दहशत फैलाने के लिए घटनाएं करवाई जा सकती हैं, लेकिन उनकी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम कर देगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता पूरी सजगता से काउंटिंग के दौरान मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी तरह की बेईमानी न हो सके।

मीडिया पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि कुछ चैनलों ने तो हास्यास्पद आंकड़े पेश किए, जैसे कि कोई मजाक कर रहे हों। उन्होंने कहा कि 18 तारीख को वे शपथ लेंगे और बिहार में ‘कलम राज’ यानी जनता का शासन स्थापित करेंगे।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। उनका कहना था कि इस बार जनता का फैसला साफ है — अबकी बार बिहार में बदलाव तय है। उनके तीखे बयानों और आत्मविश्वास से भरे अंदाज ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। अब सबकी नजर 14 नवंबर की गिनती और 18 नवंबर के दिन पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *