छत्तीसगढ़ के भिलाई आईआईटी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम निवासी बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र सौमिल साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सौमिल को बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन और डॉक्टरों ने समय पर इलाज नहीं दिया, जिससे सौमिल की जान चली गई।
मृतक के जीजा कमलेश साहू, जो रायपुर में रहते हैं, उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और अस्पताल दोनों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोमवार को जब सौमिल की तबीयत खराब हुई, तो कॉलेज के डॉक्टर और नर्स ने केवल सामान्य दवाइयाँ दीं, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मंगलवार को जब स्थिति गंभीर हुई तो सौमिल को स्पर्श अस्पताल ले जाया गया। सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर उसे ICU में भर्ती किया गया, लेकिन महज एक घंटे बाद — साढ़े ग्यारह बजे कॉलेज की ओर से खबर दी गई कि सौमिल की मौत हो गई है।
कॉलेज की तरफ से कहा गया कि छात्र को मिर्गी का दौरा पड़ा था, लेकिन परिवार को इस पर विश्वास नहीं है। कमलेश साहू का कहना है कि कॉलेज कुछ न कुछ छुपा रहा है और सच्चाई सामने नहीं आने दे रहा। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
कमलेश ने कहा कि कॉलेज में 1500 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं, और अगर यह लापरवाही अनदेखी रह गई तो आगे भी किसी और छात्र के साथ ऐसा हादसा हो सकता है। मृतक सौमिल के पिता वीरेंद्र साहू नर्मदापुरम के एसपीएम में कर्मचारी हैं। परिवार इस घटना से सदमे में है और अब पूरा नर्मदापुरम न्याय की मांग कर रहा है।

