एनडीए की जीत पर मुकेश सहनी का बड़ा हमला—कहा जनादेश नहीं, पैसे की ताकत जीती… राजनीतिक लड़ाई अब रुकेगी नहीं

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने जहाँ एनडीए खेमे में खुशी की लहर ला दी है, वहीं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने इस जीत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपनी पार्टी को मिली करारी हार के बाद सहनी ने कहा कि यह परिणाम असली जनसमर्थन का नहीं बल्कि पैसे की ताकत का नतीजा है। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा—“10 हजार में क्या मिलता है? 10 हजार में बिहार सरकार मिल जाती है।”

सहनी ने आरोप लगाया कि एनडीए को मिला जनादेश वास्तविक नहीं है। उनका दावा है कि खासकर महिलाओं पर पैसे का प्रभाव डाला गया, जिसकी वजह से वोटिंग का रुझान बदला। उन्होंने कहा कि युवा उनके साथ थे, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाएं एनडीए की तरफ मुड़ीं और यही परिणाम को प्रभावित कर गया। उनके मुताबिक यह जीत किसी जनलहर की नहीं, बल्कि पैसों की राजनीति का परिणाम है।

राजनीतिक सफर पर बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि महागठबंधन को भले ही उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली, लेकिन इससे उनकी राजनीतिक लड़ाई खत्म नहीं होने वाली। चुनाव में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा और वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

सहनी ने नई बनने वाली सरकार को भी घेरते हुए कहा कि अब जब जिम्मेदारी उनके हाथ में है, तो चुनाव में किए गए वादों को पूरा करना भी उनकी ही जिम्मेदारी है। खासकर जीविका दीदी से जुड़े वादों पर तुरंत काम शुरू करने की मांग करते हुए उन्होंने सरकार को चेताया कि जनता अब दावे नहीं, काम देखना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *