पटना। नीतीश कुमार की सरकार बनने के बाद महिलाओं के लिए सबसे बड़ा आर्थिक समर्थन शुक्रवार को देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने खुद राज्यभर की 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की। जीविका से जुड़ी इन महिलाओं तक यह मदद सीधे DBT के माध्यम से पहुंचाई गई, और इसी के साथ मुख्यमंत्री भी अपने पुराने, सक्रिय अंदाज़ में नजर आए—सीधे सचिवालय पहुँचकर विभागों का अचानक निरीक्षण करते हुए।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के इस चरण में ग्रामीण इलाकों की करीब 9 लाख 50 हजार और शहरी क्षेत्रों की 50 हजार महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। सरकार का कहना है कि अब तक 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ ले चुकी हैं, और आज 10 लाख नए लाभार्थियों को राशि जारी की गई है, जबकि बाकी पात्र महिलाओं को भी जल्द पैसा मिल जाएगा।
सरकार का दावा है कि यह 10 हजार रुपये सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने और खुद को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। जीविका और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक हिम्मत देने का यह प्रयास राज्य की आधी आबादी को सशक्त बनाने की बड़ी पहल साबित हो रहा है।
राशि ट्रांसफर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक पुराने सचिवालय पहुंच गए और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। फूलों के गमलों से लेकर सफाई व्यवस्था तक, उन्होंने हर व्यवस्था को खुद परखा। कर्मचारियों के मुताबिक आज का यह नज़ारा उन्हें 2005 वाले एक्टिव और सख्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की याद दिला गया, जब वे अचानक विभागों में पहुँचकर निरीक्षण करते थे।

