सहकारिता विभाग में 1089 नई बहालियाँ शुरू: मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी का कड़ा निर्देश, युवाओं के लिए खुल रहा बड़ा रोजगार का दरवाज़ा

पटना। बिहार में नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही सरकार सभी विभागों, जनता और खासकर बेरोजगार युवाओं पर लगातार ध्यान दे रही है। इसी के तहत सभी विभागों से तुरंत रिक्तियों की पूरी सूची मांगी गई है ताकि युवाओं को जल्द से जल्द नौकरी के अवसर मिल सकें। इसी बीच सहकारिता विभाग से बड़ी खबर सामने आई है—कुल 1089 पदों पर बहाली की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई है।

शुक्रवार को सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने विभागीय अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की, जिसमें खास तौर पर उन पदों पर चर्चा हुई जो वर्षों से खाली पड़े थे। मंत्री ने साफ कहा कि युवाओं के आर्थिक भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी नियुक्तियाँ समय पर पूरी होनी चाहिए।

रिक्तियों की अधियाचनाएं अब आयोगों को भेज दी गई हैं। BPSC के पास 31 सहायक निबंधक, 4 जिला अंकेक्षण पदाधिकारी और 502 सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के पद भेजे गए हैं। वहीं BSSC को 198 अंकेक्षक, 7 आशुलिपिक, 257 निम्नवर्गीय लिपिक और 90 कार्यालय परिचारी के पद सौंपे गए हैं।

सरकार की इस तीव्र पहल से बिहार के युवाओं में नई उम्मीद की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से बहालियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी इसे अपने करियर के दरवाज़े खुलने की शुरुआत मान रहे हैं और विश्वास जता रहे हैं कि इस बार भर्ती प्रक्रियाएँ तेज़ी से पूरी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *