दिल्ली बम ब्लास्ट केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। और अब इसी कड़ी में NIA ने बड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में उत्तराखंड के बिलाली मस्जिद के इमाम, मौलाना कासमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे रातों-रात दिल्ली लेकर पहुंची है। इस गिरफ्तारी के साथ अब तक इस केस में कुल 8 लोग पकड़े जा चुके हैं।
ये बड़ी कार्रवाई तब हुई जब आतंकी डॉक्टर उमर की कॉल डिटेल में उसके कनेक्शन की कड़ी उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके से जुड़ी मिली। शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और एलआईयू की टीम ने संयुक्त दबिश देते हुए बिलाली मस्जिद के इमाम को हिरासत में ले लिया। इसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, मस्जिद और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है, और शहर के कई हिस्सों में कड़ी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार सुबह अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के बनभूलपुरा पहुंचने से स्थानीय लोग हैरान रह गए और तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से इमाम की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इतनी बड़ी कार्रवाई अपने आप में बहुत कुछ कह रही है।
गिरफ्तारियों की बात करें तो NIA पहले ही 20 नवंबर को 6 लोगों को पकड़ चुकी थी, और 28-29 नवंबर को हल्द्वानी से दो और गिरफ्तारियां की गईं। ये वही केस है जिसमें 10 नवंबर 2025 को रेड फोर्ट के पास कार ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत हो गई थी। जांच में साफ हो चुका है कि ये एक आतंकी हमला था, जिसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों से है। मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी को इस हमले का सुसाइड बॉम्बर माना जा रहा है।
यह पूरा मामला अब एक नए मोड़ पर है… और आने वाले दिनों में इस जांच से और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

