रीवा। रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त बड़ा राजनीतिक भूचाल आ गया जब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार का नशीला पदार्थ बेचते हुए वीडियो वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के तुरंत बाद कांग्रेस ने कार्रवाई करते हुए अवनीश को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। इस वायरल वीडियो में अवनीश सफेद हाफ शर्ट और हाफ पैंट पहने कोरेक्स सिरप और ब्राउन शुगर बेचता नजर आ रहा है।
वीडियो के सामने आने के बाद उसकी कई तस्वीरें भी वायरल हुईं, जिनमें वह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह के साथ दिखाई दे रहा है। इन्हीं तस्वीरों को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने सवाल उठाया कि क्या नशे के इस नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है, और इसे रीवा की राजनीति का सबसे शर्मनाक दिन बताया।
वहीं बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने भी सोशल मीडिया पर हमला बोलते हुए लिखा कि यूथ कांग्रेस का काला चेहरा बेनकाब हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों को युवा नेतृत्व देना ही कांग्रेस की नीति है? बाहर से नशे के खिलाफ भाषण और भीतर ड्रग्स रैकेट—यही कांग्रेस की असली पहचान बताई गई।
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने दबाव में आकर कार्रवाई जरूर की है, लेकिन राजनीतिक घमासान अब और तेज होता दिख रहा है।

