मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नवविवाहिता की मौत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रात में कमरे में सोने गई महिला का शव अगले ही दिन सुबह पलंग के नीचे मिला। पुलिस ने इस मामले में पति और ससुर को आरोपी बनाया है, जिसमें ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि पति अब भी फरार है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पूरा मामला 29 नवंबर 2025 का है। फरियादी पुष्पराज पटेल ने पुलिस को बताया कि सुबह 8 बजे तक उसके भाई रंजीत पटेल और भाभी नेहा पटेल कमरे से बाहर नहीं आए। आवाज लगाने पर पता चला कि कमरा बाहर से बंद है। जब दरवाजा खोला गया, तो परिवार के होश उड़ गए—नेहा पटेल पलंग के नीचे मृत अवस्था में पड़ी थी, गले में सफेद गमछा बंधा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतका के मायकेवालों ने बताया कि दहेज में बाइक न मिलने पर उसके पति रंजीत पटेल और ससुर कृष्ण पटेल उसे लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे। आरोप लगाया गया कि प्रताड़ना की वजह से 28-29 नवंबर की रात पति नेहा का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ धारा 103(1), 85, 80(2) BNS तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जांच के दौरान ससुर कृष्ण पटेल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
रीवा हेडक्वार्टर के डीएसपी उदित मिश्रा के अनुसार, प्रमाणों और बयान के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि ससुर दहेज को लेकर लगातार दबाव बना रहा था और इसी के चलते पति के साथ विवाद बढ़ते गए। ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य आरोपी पति रंजीत पटेल की तलाश जारी है।

