भोपाल। मध्यप्रदेश इस समय विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 52 हजार 615 रुपये तक पहुँच गई है, यानी सिर्फ एक साल में 12 हजार 609 रुपये की शानदार बढ़ोतरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था हर सेक्टर में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
2011-12 में जहां प्रति व्यक्ति आय सिर्फ 67,301 रुपये थी, वहीं पिछले 13 सालों में यह दोगुने से भी ज्यादा होकर 1.52 लाख रुपये के पार निकल गई है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़े देखें तो 2022-23 में 1,27,947 रुपये, 2023-24 में 1,39,713 रुपये और अब 2024-25 में यह बढ़कर 1,52,615 रुपये हो गई है।
राज्य के सकल मूल्य वर्धन यानी GVA में भी इस बार सभी प्रमुख क्षेत्रों ने दमदार प्रदर्शन किया है। मत्स्य पालन में 17.84% की शानदार छलांग, रेलवे सेक्टर में 20.51% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी और पशुधन, खनन, व्यापार-होटल, संचार जैसे क्षेत्रों में 8% से 14% तक की लगातार वृद्धि देखने को मिली है।
कृषि सेक्टर में फसल उत्पादन 1.60% बढ़ा, पशुधन 8.39% ऊपर गया और वानिकी में भी 2.91% की स्थिर वृद्धि दर्ज हुई। वहीं विनिर्माण क्षेत्र 5.24% बढ़ा, बिजली-गैस-जल आपूर्ति 5.96%, और परिवहन व भंडारण में 6.93% का उछाल देखने को मिला।
संचार और प्रसारण में 11.52% की ग्रोथ, वित्तीय सेवाओं में 4.82% और लोक प्रशासन में 7.60% की मजबूती ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और अधिक स्थिर व मजबूत बनाया है। सबसे बड़ी वृद्धि रही उत्पादों पर आर्थिक सहायता में 14.67% की, जो सरकार की नीतियों के सकारात्मक प्रभाव को दिखाती है।
कुल मिलाकर, यह साफ संकेत है कि मध्यप्रदेश आज तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और मोहन सरकार में विकास का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है।

