सतना में कोदो की रोटी बनी जानलेवा – दो परिवारों के 7 लोग अस्पताल में भर्ती, एक बुजुर्ग ICU में वेंटिलेटर पर

सतना। मध्य प्रदेश के सतना से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां कोदो की रोटी खाने के बाद दो परिवारों के सात सदस्य अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। सभी को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक बुजुर्ग की स्थिति इतनी नाजुक हो गई कि उसे सेकंड ICU में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

पहला मामला मझगवां ब्लॉक के म्यान सिंहपुर गांव का है। यहां धनपत सिंह, जयकरण सिंह, गीता सिंह और पुत्रवधू निर्मला सिंह ने कोदो की रोटी खाई और करीब आधे घंटे बाद ही सभी को चक्कर आने लगे, तेज उल्टियां शुरू हो गईं और आंखों के आगे अंधेरा छा गया। पड़ोसियों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलवाई और बेहोशी की हालत में चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, धनपत सिंह की हालत सबसे ज्यादा गंभीर है और उन्हें ICU में शिफ्ट कर वेंटिलेटर पर रखा गया है। बाकी तीनों को आइसोलेशन वार्ड में उपचार दिया जा रहा है।

उधर, नागौद विकासखंड के इटौरा खुर्द गांव में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां राम भैया लोधी, रामपति लोधी और एक अन्य महिला को कोदो खाने के बाद अचानक तबियत बिगड़ गई। तीनों को बेहोशी की हालत में नागौद सिविल अस्पताल लाया गया। दो महिलाओं की हालत सामान्य होने पर उन्हें वहीं रखा गया, जबकि राम भैया को ज्यादा गंभीरता के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज मेल मेडिकल वार्ड में चल रहा है।

दोनों मामलों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है कि आखिर कोदो की रोटी दो परिवारों के लिए इतनी खतरनाक कैसे साबित हुई। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *