MP का नन्हा चेस जीनियस सरवाग्य सिंह बना दुनिया का सबसे युवा FIDE रेटेड प्लेयर

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा कारनामा सामने आया है जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। सिर्फ 3 साल 7 महीने और 20 दिन की उम्र में सरवाग्य सिंह कुशवाहा ने इतिहास रचते हुए FIDE—यानी विश्व शतरंज महासंघ से 1572 की इंटरनेशनल रेटिंग हासिल कर ली है। इसके साथ ही वह दुनिया के सबसे कम उम्र के रेटेड शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं। इतनी छोटी उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि ने उन्हें सचमुच ‘नन्हा चेस जीनियस’ बना दिया है।

सरवाग्य के पिता सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा और मां नेहा सिंह कुशवाहा बताते हैं कि सरवाग्य ने महज़ 2 साल 8 महीने की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया था। सागर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन में कोच नितिन चौरसिया की लगातार गाइडेंस और राष्ट्रीय प्रशिक्षक आकाश पायसी की तकनीकी ट्रेनिंग ने इस नन्हे खिलाड़ी का खेल और निखारा। घर में शतरंज का माहौल, परिवार का निरंतर सहयोग और सरवाग्य की कमाल की एकाग्रता ने मिलकर इस रिकॉर्ड को संभव बनाया।

अब सरवाग्य की नजरें बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पर हैं। वह भारत का नाम दुनिया में और ऊंचा करना चाहते हैं। यह सागर जिले और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का पल है। दुनिया अब इस नन्हे मास्टर की अगली चाल का इंतज़ार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *