विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा महिला से प्यार करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसने ज़हर खाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां किराज सिंह कटारिया नाम के युवक ने आत्महत्या करने से पहले इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपना दर्द बयां किया।
किराज ने अपनी अंतिम पोस्ट में लिखा कि संगीता विश्वकर्मा नाम की शादीशुदा महिला और उसका पति मुकेश विश्वकर्मा दोनों ने मिलकर उसे प्रेम जाल में फंसाया, और फिर लगातार ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठते रहे। किराज के मुताबिक वह अब तक डेढ़ से दो लाख रुपये उन्हें दे चुका था। जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो ब्लैकमेलिंग असहनीय हो गई और मजबूर होकर उसने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी।
आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर स्टोरी शेयर कर यह मांग भी की कि संगीता और उसके पति को कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि कोई और उनकी तरह इस जाल में न फँसे। घटना के बाद किराज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया।
मामले में CSP अतुल सिंह ने बयान दिया है कि महिला और उसके पति द्वारा परेशान किए जाने की बात सामने आई है, जिसकी विस्तृत जांच की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जो भी कानूनी कार्रवाई होगी, पूरी सख्ती के साथ की जाएगी।

