भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राष्ट्रीय शिक्षा नीति और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा राजनीतिक हमला बोला, इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक भी उनके साथ मौजूद रहे और शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत सामने रखी गई।
जीतू पटवारी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान स्कूलों में बेहतर भोजन की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने ग्वालियर के एक सरकारी स्कूल का वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि बच्चों के खाने में मेंढक निकला, यह वही सच्चाई है जिसे राहुल गांधी ने देश के सामने उजागर किया है, जिससे सरकारी दावों की पोल खुलती है।
पटवारी ने आगे कहा कि एक तरफ शिक्षा मंत्री बच्चों को ड्राई फ्रूट्स और दूध देने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश में मिड-डे मील के लिए प्रति बच्चे सिर्फ 12 रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि हर दिन एक-एक गाय पर 40 रुपये खर्च हो रहे हैं और हैरानी की बात यह है कि दोनों ही कुपोषित हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास चीता लाने और उनकी देखरेख के लिए समय और पैसा दोनों हैं, लेकिन बच्चों के पोषण के लिए न गंभीरता है और न पर्याप्त बजट, आज प्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट हजारों करोड़ का है, इसके बावजूद मध्यप्रदेश के बच्चे देश में कुपोषण के मामले में नंबर वन बने हुए हैं, जो पूरी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

