ग्वालियर से डेढ़ साल का एक और मासूम लापता, रितेश पाल केस के बीच पुलिस के लिए नई चुनौती

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मासूम बच्चों के लापता होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोहनपुर से लापता हुए 3 साल के रितेश पाल को 38 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस नहीं ढूंढ पाई है कि इसी बीच एक और डेढ़ साल का मासूम अचानक गायब हो गया। ताजा मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर का है, जहां झुग्गी में रहने वाले मंगल आदिवासी का डेढ़ साल का बेटा राहुल दो दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हो गया।

बताया जा रहा है कि बच्चा खुद से कहीं नहीं गया हो सकता, बल्कि उसके अपहरण की आशंका जताई जा रही है। परिजन पहले अपने स्तर पर बच्चे को तलाशते रहे, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो आखिरकार पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया है कि बच्चे की मां मानसिक रूप से बीमार है और मजदूरी का काम करती है, इसी वजह से बच्चे के लापता होने की जानकारी भी देर से सामने आ पाई।

सूचना मिलते ही बहोड़ापुर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई। हालांकि पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्चा कब और कैसे लापता हुआ। पुलिस ने इलाके में लगे दो दिन पहले तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल ली है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर से लापता हुए 3 साल के रितेश पाल का मामला भी अब तक अनसुलझा है और 38 दिन बीत जाने के बाद भी बच्चा पुलिस को नहीं मिला है। एक मामला सुलझने से पहले ही दूसरा मासूम लापता होना खाकी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *