टीकमगढ़ में कॉलेज प्राचार्य से मारपीट: कैंपस नियम लागू करना पड़ा भारी

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से शिक्षा जगत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शासकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य के.सी. जैन के साथ कॉलेज के ही छात्रों ने न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट भी की। विवाद की जड़ बना कॉलेज कैंपस में मोटरसाइकिल ले जाने पर लगाया गया प्रतिबंध, जिसे छात्र मानने को तैयार नहीं था। प्राचार्य डॉ. के.सी. जैन ने छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन के तहत सभी वाहनों को कॉलेज परिसर के बाहर पार्क करने का निर्णय लिया था, लेकिन एमएससी फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र प्रबल शुक्ला इस फैसले से नाराज हो गया। वह जबरन बाइक लेकर कैंपस में दाखिल हुआ और सीधे प्राचार्य कक्ष में पहुंचकर उनसे गाली-गलौज करने लगा।

ऑफिस में मौजूद स्टाफ ने किसी तरह स्थिति संभाली और छात्र को समझाकर बाहर भेज दिया, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। शाम को जब प्राचार्य कॉलेज से घर लौट रहे थे, तभी छात्र प्रबल शुक्ला अपने करीब 15 से 20 साथियों के साथ रास्ते में पहुंचा और उनकी गाड़ी को जबरदस्ती रोक लिया। आरोप है कि छात्रों ने प्राचार्य को वाहन से नीचे उतारकर उनके साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट की, इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना से बेहद सहमे और घबराए प्राचार्य किसी तरह घर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी अपने सहयोगी स्टाफ और वरिष्ठ अधिकारियों को दी। शिकायत लेकर वे पहले एसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद वे टीकमगढ़ कोतवाली पहुंचे। यहां एसडीओपी राहुल कटरे ने उनका आवेदन स्वीकार किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह मामला अब कॉलेज परिसर में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *