ठेकेदार की लापरवाही बनी मौत: चौथी मंजिल से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत, घटना छिपाने की कोशिश का आरोप

शहडोल। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक मजदूर की जान पर भारी पड़ गई, कोतवाली थाना क्षेत्र के नर्सरहा डिपो के पास बीज गोदाम के पीछे स्थित निर्माणाधीन भवन में चौथी मंजिल से गिरकर 40 वर्षीय मजदूर जागेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जागेंद्र सिंह चौथी मंजिल पर सेंट्रिंग का काम कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा और उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह भवन सुधीर सिंघई का बताया जा रहा है और हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि भवन मालिक और ठेकेदार ने घटना को दबाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना देने में देरी की गई, इतना ही नहीं घायल मजदूर को समय पर अस्पताल भी नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। आसपास के लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए न तो पर्याप्त इंतजाम थे और न ही कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *