मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इंदौर के खजराना क्षेत्र की रहने वाली प्रियंका चौरसिया अपने चार मासूम बच्चों के साथ घर से निकली और आत्मघाती कदम उठा लिया। यह घटना मोरटक्का नर्मदा नदी पुल की है, जहां महिला रविवार को अपने चारों बच्चों को लेकर पहुंची और दो बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दी। इस हादसे में महिला और एक बच्चे का शव बरामद हो चुका है, जबकि एक बच्चे की तलाश अब भी जारी है।
चौकी प्रभारी लखन डाबर के अनुसार महिला मोरटक्का पुल पर पहुंची, जहां उसने दो मासूम बच्चों को पुल पर ही छोड़ दिया और देर रात दो बच्चों को साथ लेकर नर्मदा नदी में कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोमवार को सर्च अभियान के दौरान एक बच्चे का शव मिला, जबकि दूसरे दिन पुल से करीब दो किलोमीटर दूर कटार गांव के पास से महिला का शव बरामद किया गया। एक बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिन्होंने एक मां को इतना कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। क्या मामला मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या किसी सामाजिक दबाव से जुड़ा है, फिलहाल पुलिस महिला के परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुल पर छोड़े गए दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है।

