लखनऊ. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करारा हमला बोला है। नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए इसे PDA समाज का अपमान बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि 5 बड़ा या 7, विधायक बड़ा या सांसद, राज्य बड़ा या केंद्र, राज्य सरकार का मंत्री बड़ा या केंद्र सरकार का मंत्री—फिर सवाल यह है कि भाजपा 5 बार के विधायक को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाती है और 7 बार के सांसद को सिर्फ राज्य का अध्यक्ष।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि इसका कोई तार्किक आधार भाजपा के पास नहीं है। असल वजह यह है कि प्रभुत्ववादी सोच वाले भाजपाई यह संदेश देना चाहते हैं कि PDA समाज का व्यक्ति चाहे कितना भी योग्य और काबिल क्यों न हो, वह वर्चस्ववादियों के आगे एक सीमा से आगे नहीं बढ़ सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने PDA समाज को नीचा दिखाने के लिए यह नया तरीका अपनाया है। अखिलेश यादव ने साफ कहा कि PDA समाज अब इस अपमान को और नहीं सहेगा। अब PDA अपनी सरकार बनाएगा, अपनी ताकत दिखाएगा और अपने समाज को पूरा मान-सम्मान दिलाएगा।

