टी20 विश्व कप 2026 को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह चरम पर है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में यह टूर्नामेंट अगले साल 6 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। साल 2007 में शुरू हुए टी20 विश्व कप का यह 10वां संस्करण होगा और अब तक 17 वर्षों में 9 टी20 विश्व कप खेले जा चुके हैं। इतने सालों के रोमांचक सफर में हैरानी की बात यह है कि अब तक सिर्फ 10 बल्लेबाज ही टी20 विश्व कप में शतक लगाने का कारनामा कर सके हैं।
इस खास सूची में भारत से केवल एक ही खिलाड़ी जगह बना पाया है, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी टी20 विश्व कप में शतक लगाने से चूक गए। इन 10 शतकवीरों में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के दो-दो खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने यह उपलब्धि दो बार हासिल की है। पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश से भी एक-एक बल्लेबाज इस ऐतिहासिक क्लब का हिस्सा बने हैं।
टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना हैं। साल 2010 के टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रैना ने बाएं हाथ की तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 101 रन बनाए थे। 2 मई 2010 को खेले गए इस मुकाबले में रैना ने 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से शतक पूरा कर इतिहास रच दिया था और आज भी यह पारी भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खास याद बनी हुई है।
टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वालों की सूची में 2007 में जोहांसबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्रिस गेल का 57 गेंदों पर 117 रन का धमाका शामिल है। 2010 में सुरेश रैना के अलावा उसी साल महेला जयवर्धने ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 100 रन बनाए। 2012 में ब्रेंडन मैकुलम ने बांग्लादेश के खिलाफ 123 रन की पारी खेली। 2014 में एलेक्स हेल्स और अहमद शहजाद ने क्रमशः श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़े। 2016 में तमीम इकबाल और फिर क्रिस गेल ने दो अलग-अलग मुकाबलों में शतक लगाया। 2021 में जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए, जबकि 2022 में ग्लेन फिलिप्स ने श्रीलंका के खिलाफ 104 रन की शानदार पारी खेलकर इस खास लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया।

