IAS एसोसिएशन सर्विस मीट 2025 का शुभारंभ, CM डॉ. मोहन का खास संदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन अकादमी में IAS एसोसिएशन सर्विस मीट 2025 का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन भी उपस्थित रहे।

डॉ. मोहन ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रक्रिया सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरगामी सोच का परिणाम है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए IAS अफसर बेहद जरूरी हैं। सरकार के कार्यों को ये अधिकारी पूरी लगन और समर्पण के साथ अंजाम देते हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद राजा-महाराजा के समय यह प्रक्रिया चल पाएगी या नहीं, यह सवाल उठता था। यहां तक कि कुछ घटनाएं, हत्या तक हुईं, लेकिन अब यह महापुरुषों का सपना साकार हो रहा है।

डॉ. मोहन ने बताया कि भारत की आज पूरी दुनिया में एक अलग पहचान बन चुकी है। हर देश भारत के साथ दोस्ती करना चाहता है। जैसा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि अगली शताब्दी भारत की होगी, और अब यह सपना पूरा होता दिख रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी अफसरों को घर से बुलाकर काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने अजीत डोभाल का जिक्र किया, जो मनमोहन सरकार में रिटायर हो गए थे, लेकिन मोदी ने उन्हें NSA बनाया।

डॉ. मोहन ने अधिकारियों की मेहनत और गरीबों के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनकी आशा है कि अधिकारी इसी लगन से काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की तरह आप हर चुनौती को धैर्य और साहस से झेलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *