सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने राजस्व विभाग लेखपाल भर्ती में OBC आरक्षण को लेकर भाजपा पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा को असली ‘संविधान-आरक्षण विरोधी’ करार देते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष से OBC आरक्षण का न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि भाजपा संविधान द्वारा निर्धारित 27% OBC आरक्षण में से एक-तिहाई हिस्से को नकारकर अपना असली चेहरा दिखा रही है। उन्होंने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष को सामने आकर OBC आरक्षण के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग की लेखपाल भर्ती में कुल 7994 पद हैं, लेकिन OBC के लिए केवल 1441 पद आरक्षित किए गए हैं। जबकि 27% आरक्षण के हिसाब से OBC के लिए कुल 2158 पद आरक्षित होने चाहिए थे। उन्होंने इसे OBC के साथ अन्याय और भर्ती में लूट बताया।
साथ ही उन्होंने कहा कि EWS वर्ग को 10% के तहत पूरी 792 पद दे दी गई हैं, जबकि OBC का हिस्सा कम रखा गया है। अखिलेश यादव ने भाजपा की इस नीति की तीखी आलोचना की है।

