MP की बेटी ने रचा इतिहास, 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में ग्वालियर की वंशिका तिवारी ने यूथ कैटेगरी में 5 मेडल जीतकर प्रदेश का नाम किया रोशन

ग्वालियर। मध्य प्रदेश की बेटी ने एक बार फिर प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है। दिल्ली में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप शॉटगन में ग्वालियर की वंशिका तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ कैटेगरी समेत विभिन्न वर्गों में कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं, जिनमें दो गोल्ड और तीन सिल्वर मेडल शामिल हैं। महज 18 साल की उम्र में वंशिका की इस उपलब्धि ने न सिर्फ ग्वालियर बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है।

ग्वालियर के कम्पू क्षेत्र में रहने वाली वंशिका तिवारी ने बेहद कम उम्र में शूटिंग की दुनिया में कदम रखा था। साल 2019 में मात्र 13 साल की उम्र में उनका चयन एमपी शूटिंग एकेडमी भोपाल में हुआ था, जिससे उनका प्रोफेशनल करियर शुरू हुआ। दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एक दिसंबर से पांच जनवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वंशिका ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए यूथ इंडिविजुअल और जूनियर टीम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीते, जबकि सीनियर टीम, मिक्स टीम और जूनियर इंडिविजुअल में सिल्वर मेडल हासिल कर कुल पांच पदक जीतने का कमाल किया।

वंशिका इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए साल 2024 में सिल्वर मेडल जीता था। अपनी सफलता पर वंशिका का कहना है कि अब तक वह देश और प्रदेश के लिए गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं, लेकिन उनका सबसे बड़ा सपना भारत के लिए ओलंपिक में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीतना है।

18 साल की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर वंशिका तिवारी आज समाज के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं और मेहनत व लगन के बल पर देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकती हैं। ग्वालियर और मध्य प्रदेश की यह बेटी आज पूरे देश में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *