‘झीलों की नगरी’ भोपाल को मिली मेट्रो की सौगातः CM डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया उद्घाटन, खुद मेट्रो में बैठकर लिया सफर का आनंद

भोपाल। झीलों की नगरी कहे जाने वाली राजधानी भोपाल के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब शहर को मेट्रो की सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुभाष मेट्रो स्टेशन से मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसके साथ ही भोपाल के शहरी परिवहन के एक नए युग की शुरुआत हो गई। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य मंत्री मेट्रो में सवार होकर एम्स स्टेशन तक पहुंचे और इस पहले सफर का आनंद लिया।

मेट्रो यात्रा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ट्रेन का सफर बेहद शानदार रहा और मेट्रो से भोपाल और भी खूबसूरत नजर आया। उन्होंने कहा कि एम्स आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए यह मेट्रो एक बड़ी सौगात साबित होगी। सीएम ने इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो से जुड़ी चुनौतियों पर भी बात की और कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण विकास कार्यों को गति मिल रही है।

वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मेट्रो चलने से झीलों की नगरी की शान और बढ़ गई है और इससे हर नागरिक खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि भोपाल देश का 26वां शहर बन गया है, जहां मेट्रो सेवा शुरू हुई है और आने वाले दो वर्षों में लोग शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक मेट्रो से सफर करने का सुखद अनुभव कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *