भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती 25 दिसंबर को देशभर में भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर आएंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में मौजूद रहेंगे। इस दिन देश की सभी विधानसभाओं में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर समितियों का गठन भी किया जाएगा।
इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने अटल बिहारी वाजपेयी को जेल में भेजा था, लेकिन देशभर में गांव-गांव सड़कें बनाना, पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल विजय जैसे ऐतिहासिक कार्य अटल जी की देन हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं।
अरुण सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर की सुबह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और शाम को सभी भाजपा कार्यालयों में दीप उत्सव मनाया जाएगा। 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी के लेखों का प्रकाशन किया जाएगा, रंगोली और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विधानसभाओं में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर वक्तव्य दिए जाएंगे। 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कार्यक्रमों की सफलता के लिए जिला स्तर पर कमेटियां सक्रिय रूप से काम करेंगी।

