मां के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर की हत्या, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने चिता से उतरवाया शव

श्योपुर। जिले के ढोढर थाना क्षेत्र के सहराना गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने इसे प्राकृतिक मौत दिखाने और सबूत मिटाने के इरादे से रात के अंधेरे में अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी, लेकिन समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और चिता से शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृत महिला की पहचान मीना वाल्मीकि के रूप में हुई है, जिसका मायका राजस्थान के भरतपुर जिले में बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सनी जाटव की मुलाकात मीना से जयपुर में हुई थी, जहां दोनों मजदूरी करते थे। मीना का पति छोटेलाल भी जयपुर में मजदूरी करता था, लेकिन करीब एक साल पहले सनी मीना को लेकर श्योपुर आ गया और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। उनके साथ सनी की मां कमलाबाई भी रहती थी।

रविवार शाम घर के काम को लेकर मीना का सनी और उसकी मां से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मां-बेटे ने मिलकर मीना की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने मीना का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों ने चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई और रात में शव को गांव के मुक्तिधाम ले जाकर चिता पर रख दिया। इसी दौरान ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे और तुरंत अंतिम संस्कार रुकवाया। पुलिस ने चिता से शव उतरवाकर जिला अस्पताल भेजा।

इस पूरे मामले पर एसपी सुधीर अग्रवाल ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *