लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज के 134वें वार्षिक खेलकूद समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन और परिश्रम सबसे जरूरी हैं और इनका कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को हृदय से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संविधान के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि परिश्रम से ही नई मंजिल मिलती है और यही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने बताया कि यह वर्ष नवम सिख गुरु श्री गुरु तेगबहादुर महाराज की 350वीं शहीदी वर्षगांठ का साक्षी है, वहीं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती भी देशभर में मनाई जा रही है। भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह उज्जैन महाकाल की पावन धरती है।
सीएम योगी ने कहा कि हमें अपने इतिहास से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। संविधान ने पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया है। उन्होंने बताया कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती का 150वां वर्ष, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और स्वतंत्र भारत के संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के कारण यह वर्ष बेहद महत्वपूर्ण बन गया है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

