इंदौर में पहली अटल काव्यांजलि, अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी पर सजेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

इंदौर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के पावन अवसर पर इंदौर में एक भव्य साहित्यिक आयोजन होने जा रहा है। अटल जी को काव्यात्मक श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से “अटल काव्यांजलि – अखिल भारतीय कवि सम्मेलन” का आयोजन गुरुवार 25 दिसंबर 2025 को शाम 7 बजे से पाटनीपुरा चौराहा, इंदौर में किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं थे, बल्कि वे संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और भारतीय लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ भी थे। उनकी कविताओं में राष्ट्रभक्ति, मानवीय संवेदना और जीवन के गहरे अनुभव साफ झलकते हैं। इसी भाव को समर्पित यह आयोजन देशभर के प्रतिष्ठित कवियों की मौजूदगी में होगा, जहां काव्य रस की अविरल धारा बहेगी और अटल जी के विचारों को शब्दों में नमन किया जाएगा।

इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य के प्रसिद्ध कवि सुरेंद्र शर्मा, वेदव्रत वाजपेयी, प्रोफेसर राजीव शर्मा, दिनेश दिग्गज, सुमित्रा सरल, कुलदीप रंगीला और दिनेश देशी अपनी विशिष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से अटल जी के व्यक्तित्व, विचारधारा और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को शब्दांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान एक सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज, साहित्य और सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में समाजसेवी माला दीदी वाजपेयी, वरिष्ठ राष्ट्रीय कवि सत्तन, वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी मोघे, वरिष्ठ नेता बाबू सिंह रघुवंशी, साहित्यकार गोपाल माहेश्वरी और अखिल भारतीय खाती समाज के अध्यक्ष लीलाधर देथलिया शामिल हैं।

इस भव्य आयोजन का संयोजन रमेश मेंदोला मित्र मंडल और अक्षत चौधरी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने साहित्यप्रेमियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित इस ऐतिहासिक साहित्यिक श्रद्धांजलि को गरिमा प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *