चंदौली. जिले में सनसनी फैलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मामला धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा गांव का है। बताया जा रहा है कि युवक शौच के लिए सिवान यानी खेत की ओर गया था, तभी घात लगाए बदमाशों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के सिर और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घायल युवक को खून से सना देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक बनी रही, जिसके बाद डॉक्टरों ने युवक को ट्रामा सेंटर भेज दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक अजय सिंह ने बताया कि युवक के सिर और पीठ पर चाकू के गहरे घाव हैं और उसकी हालत अभी भी गंभीर है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सकलडीहा की क्षेत्राधिकारी भी अस्पताल पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।

