सागर। देवरी नगर पालिका में एक बार फिर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नगर पालिका की निर्वाचित अध्यक्ष नेहा जैन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्हें हटाने की प्रक्रिया के तहत दोबारा मतदान कराया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके अनुसार 19 जनवरी को मतदान होगा और 21 जनवरी को परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही देवरी में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है और दोनों पक्षों के जनप्रतिनिधियों ने जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है।
देवरी नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से राजनीतिक खींचतान जारी है। अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद नेहा जैन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। शिकायतों की जांच के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने उन्हें पद से हटा दिया था और पार्षद सरिता जैन को अध्यक्ष पद का प्रभार सौंपा गया था।
हालांकि पद से हटाए जाने के बाद नेहा जैन कोर्ट से स्टे लेकर आईं और दोबारा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह-छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। अब एक बार फिर होने जा रहे मतदान ने देवरी की राजनीति को गरमा दिया है और सभी की नजरें 19 जनवरी के चुनावी परिणाम पर टिकी हुई हैं।

